Bihar Home Notification 2026: राज्य में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। बिहार पुलिस के साथ-साथ अब होमगार्ड (Home Guard Recruitment) की भी बड़े पैमाने पर बहाली की तैयारी शुरू हो गई है। गृह विभाग के मुताबिक वित्तीय वर्ष 2026-27 में कुल 13,500 नए गृहरक्षकों का नामांकन किया जाएगा। इससे हजारों युवाओं को रोजगार का अवसर मिलने वाला है।
बिहार होमगार्ड के लिए 12वीं (इंटरमीडिएट) पास, उम्र 18-25 वर्ष और निर्धारित शारीरिक दक्षता (ऊंचाई, दौड़ और वजन) होना अनिवार्य है।
पिछली भर्ती भी लगभग पूरी
विभागीय आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में 15 हजार पदों के लिए विज्ञापन जारी किया गया था, जिसमें अब तक 11,438 अभ्यर्थियों का नामांकन पूरा किया जा चुका है। यानी सरकार चरणबद्ध तरीके से भर्ती प्रक्रिया (Selection Process) को आगे बढ़ा रही है। नई भर्ती से यह संख्या और तेजी से बढ़ेगी।
अन्य पदों पर भी सीधी नियुक्ति
बिहार गृह रक्षा वाहिनी में केवल होमगार्ड ही नहीं, बल्कि प्रशासनिक पदों पर भी भर्ती जारी है।
- अधिनायक लिपिक के 128 पदों पर सीधी नियुक्ति का विज्ञापन जारी
- अधिनायक अनुदेशक के 244 पदों के लिए आयोग को प्रस्ताव भेजा गया
इससे विभागीय संरचना मजबूत होगी और प्रशिक्षण व्यवस्था बेहतर बनेगी।
सेना के रिटायर्ड ट्रेनर देंगे प्रशिक्षण
नई व्यवस्था के तहत होमगार्ड को अब अधिक प्रोफेशनल ट्रेनिंग (Professional Training) दी जाएगी। इसके लिए सेना के सेवानिवृत्त प्रशिक्षकों की सेवाएं ली जाएंगी। सरकार ने 50 पूर्व सैन्य प्रशिक्षकों को मानदेय पर नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है। अभी 34 जिलों में चयनित जवानों को बेसिक ट्रेनिंग दी जा रही है, जबकि विशेष बटालियन के लिए अलग प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहा है।
भत्ता बढ़ाकर 1121 रुपये प्रतिदिन
होमगार्ड जवानों के लिए सबसे राहत की खबर यह है कि उनका कर्तव्य भत्ता (Daily Allowance) 774 रुपये से बढ़ाकर 1121 रुपये प्रति कार्य दिवस कर दिया गया है। इससे नौकरी की आकर्षणता काफी बढ़ेगी और अधिक युवा आवेदन के लिए प्रेरित होंगे।
सरकार का लक्ष्य सुरक्षा बलों की संख्या बढ़ाने के साथ रोजगार उपलब्ध कराना भी है। ऐसे में आने वाले महीनों में भर्ती नोटिफिकेशन (Official Notification) जारी होने की उम्मीद है, जिस पर अभ्यर्थियों की नजरें टिकी हैं।