उत्तर प्रदेश में डिस्टलरी उद्योग से जुड़े हजारों कर्मचारियों को होली से पहले राहत भरी खबर मिली है। प्रदेश की करीब 104 डिस्टलरियों में काम कर रहे लगभग 45 हजार कर्मियों की सैलेरी (Salary Hike) बढ़ा दी गई है। सरकार की सहमति के बाद हर कर्मचारी के वेतन में करीब 2100 रुपये प्रति माह की वृद्धि तय हुई है। आदेश जारी होते ही कर्मचारियों को बढ़े वेतन के साथ बकाया एरियर (Arrears) का भी लाभ मिलेगा।
काफी समय से लंबित था वेतन संशोधन
दरअसल, इन कर्मचारियों का वेतन सितंबर 2022 से संशोधित होना था, लेकिन प्रशासनिक प्रक्रियाओं के कारण मामला लगातार टलता रहा। हाल ही में श्रम विभाग (Labour Department), फैक्ट्री प्रबंधन और ट्रेड यूनियन के बीच त्रिपक्षीय बैठक हुई। इस बैठक में लंबे मंथन के बाद वेतन वृद्धि पर सहमति बनी और अंततः 2100 रुपये की बढ़ोतरी तय कर दी गई।
न्यूनतम वेतन में बड़ा बदलाव
राकेश कुमार वत्स ने बताया कि नए वेतन लागू होने के बाद कर्मचारियों का न्यूनतम वेतन (Minimum Wage) लगभग 22–23 हजार रुपये तक पहुंच जाएगा, जबकि सुपरवाइजर स्तर के कर्मचारियों का वेतन 28–30 हजार रुपये तक हो सकता है। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से महंगाई के मुकाबले वेतन कम था, इसलिए यह बढ़ोतरी बड़ी राहत साबित होगी।
सरकार को भारी टैक्स, कर्मियों को राहत
डिस्टलरी उद्योग राज्य को भारी राजस्व देता है। उत्पाद पर अंकित एमआरपी का लगभग 50 से 65 प्रतिशत हिस्सा टैक्स के रूप में सरकार को मिलता है। इसके बावजूद कर्मचारियों की आय कम होने की शिकायत लगातार उठती रही।
मार्कण्डेय शाही के अनुसार वेतन संशोधन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और प्रमुख सचिव के हस्ताक्षर होते ही आदेश जारी कर दिया जाएगा। इसके बाद सभी कर्मचारियों को बढ़ी सैलेरी के साथ लंबित भुगतान भी मिल जाएगा।
होली से पहले आई इस खबर से डिस्टलरी वर्कर्स (Distillery Workers) में उत्साह का माहौल है और इसे कर्मचारियों के लिए बड़ा तोहफा माना जा रहा है।