UP Employee Salary Order by CM yogi: उत्तर प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और संविदाकर्मियों के लिए होली से पहले बड़ी खुशखबरी आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के सभी नियमित कर्मचारियों का वेतन हर हाल में होली से पहले उनके बैंक खातों में पहुंचना चाहिए। इसके साथ ही आउटसोर्सिंग (Outsourcing Staff), संविदाकर्मी (Contract Employees), सफाईकर्मी और अन्य अस्थायी कर्मचारियों के भुगतान में भी किसी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएम ने अधिकारियों को चेतावनी दी है कि यदि वेतन वितरण में लापरवाही पाई गई तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार का साफ संदेश है कि त्योहार के मौके पर कर्मचारियों को आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
तीन दिन का सार्वजनिक अवकाश, 28 फरवरी को वेतन जारी
शासन ने 28 फरवरी 2026 (शनिवार) को कार्यदिवस घोषित किया है, जबकि 2, 3 और 4 मार्च को होली का सार्वजनिक अवकाश रहेगा। 3 मार्च 2026 को विशेष अवकाश (Special Leave) भी दिया जाएगा। लगातार छुट्टियों को देखते हुए वित्त विभाग ने सभी जिलाधिकारियों (DM) और कोषाधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं कि फरवरी माह का वेतन 28 फरवरी तक हर हाल में जारी कर दिया जाए।
1 मार्च को रविवार का सामान्य अवकाश और 2 मार्च को होलिका दहन के कारण सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे। ऐसे में प्रशासन ने पहले ही सैलरी और पेंशन वितरण (Salary & Pension Disbursement) की प्रक्रिया पूरी करने का फैसला लिया है।
पेंशनरों को भी राहत, फरवरी में ही पेंशन
सरकार ने कोषागारों से पेंशन पाने वाले पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को भी बड़ी राहत दी है। निर्देश दिया गया है कि फरवरी माह की पेंशन 28 फरवरी को ही उनके खातों में पहुंच जाए। वित्त विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्तर पर देरी न हो और सभी लाभार्थियों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
इस फैसले से प्रदेश के 35 लाख से अधिक सरकारी कर्मचारियों और लाखों संविदाकर्मियों को सीधा लाभ मिलेगा। त्योहार से पहले सैलरी मिलने से बाजार में भी रौनक बढ़ने की उम्मीद है।
संपत्ति विवरण नहीं देने वालों पर सख्ती
वहीं दूसरी ओर सरकार ने मानव संपदा पोर्टल (Manav Sampada Portal) पर संपत्ति का ब्योरा अपलोड न करने वाले 47816 कर्मचारियों को 10 मार्च तक का अंतिम मौका दिया है। 31 जनवरी 2026 तक ऑनलाइन विवरण न देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी जारी की गई है।
मुख्य सचिव एसपी गोयल द्वारा जारी शासनादेश में साफ कहा गया है कि जिन कर्मचारियों ने संपत्ति का विवरण (Property Details) जमा नहीं किया है, उनका जनवरी और फरवरी का वेतन रोक दिया जाएगा।
सरकार का सख्त संदेश
योगी सरकार का यह फैसला साफ संकेत देता है कि त्योहार पर कर्मचारियों को राहत देने के साथ-साथ प्रशासनिक अनुशासन भी बनाए रखा जाएगा। जहां एक तरफ समय से वेतन और पेंशन देने का आदेश है, वहीं नियमों की अनदेखी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई भी तय है।
होली से पहले सैलरी का यह फैसला प्रदेश के लाखों परिवारों के लिए राहत और खुशियों की सौगात बनकर आया है।